दुधवनिया बुज़ुर्ग की बेटी सादिया खान ने NEET-UG 2026 में लहराया सफलता का परचम, सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS का रास्ता तय
598 अंक, AIR 10511 | सिद्धार्थनगर की बेटी बनी युवाओं के लिए प्रेरणा
अब्दुल अली खान
बढ़नी/सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जनपद के बढ़नी क्षेत्र स्थित ग्राम दुधवनिया बुज़ुर्ग की होनहार छात्रा सादिया खान ने NEET (UG) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। सादिया ने 720 में 598 अंक, 99.2887 पर्सेंटाइल, ऑल इंडिया रैंक (AIR) 10511 तथा जनरल कैटेगरी रैंक 4336 प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है।
सादिया की सफलता उनके परिवार के संघर्ष, मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है। उनके पिता उबैदुल्लाह खान ने सीमित संसाधनों के बावजूद बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त उनके नाना मुहम्मद जफर खान ने भी निरंतर उनका उत्साहवर्धन किया। स्वर्गीय डॉ. अमीर हमज़ा का मार्गदर्शन भी उनकी सफलता में महत्वपूर्ण रहा। इसके अलावा, लखनऊ के हजरतगंज स्थित PW कोचिंग सेंटर के शिक्षकों का भी उनकी तैयारी में अहम योगदान रहा।
अपनी सफलता पर सादिया खान ने कहा, "मेरे अब्बू उबैदुल्लाह खान ही मेरे असली हीरो हैं। उनके संघर्ष, भरोसे और दुआओं की बदौलत ही मैं आज इस मुकाम तक पहुंची हूं। यह सफलता पूरे परिवार के त्याग, मेहनत और दुआओं का परिणाम है।"
सादिया की इस उपलब्धि पर ग्राम प्रधान सईद आलम, पूर्व प्रधान मुश्ताक अहमद, हैदर आलम, अजीजुर्रहमान, फैसल, खलकुल्लाह खान, मोइनुद्दीन, मौलाना मसीहुद्दीन, इंजीनियर जियाउल हक़, मुस्तनसेरुल्लाह, अब्दुल अली अफ़साज अहमद मुजीबुर्रहमान सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
सादिया खान की इस सफलता से पूरे बढ़नी क्षेत्र और सिद्धार्थनगर जिले में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।