निर्माणाधीन मत्स्य मंडी का गेट गिरा, एक मजदूर की मौत, पांच घायल; उच्चस्तरीय जांच की मांग

सद्दाम खान 

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मधवापुर स्थित निर्माणाधीन मत्स्य मंडी में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना दोपहर लगभग 12 बजे उस समय हुई, जब निर्माणाधीन गेट की छत की ढलाई का कार्य चल रहा था। अचानक गेट की पूरी छत निर्माण सामग्री सहित भरभराकर गिर गई, जिससे वहां कार्य कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच घायलों का इलाज चल रहा है।

घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं प्रदेश सचिव डॉ. नादिर सलाम ने इसे गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार पुल, फ्लाईओवर, भवन और अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी और संभावित भ्रष्टाचार की ओर संकेत करती हैं।

डॉ. सलाम ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों, अभियंताओं और ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को दंडित किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने सरकार से मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये तथा सभी घायलों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

डॉ. नादिर सलाम ने दिवंगत युवक की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान