दिनदहाड़े पत्रकार से लूट, कानून-व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

गुरुजी की कलम से

सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर हुई लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शास्त्रीनगर निवासी पत्रकार आसिफ इकबाल से कथित तौर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर 29 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना शहर के व्यस्त अशोक मार्ग स्थित बुद्ध पार्क के पास दोपहर करीब 2:30 बजे हुई।

पीड़ित के अनुसार वह अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से साड़ी तिराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने असलहा दिखाकर उनकी जेब में रखी नकदी छीन ली। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में अभियान चला रही है। पीड़ित ने सदर थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गुरुजी की कलम से: लोकतंत्र में पत्रकार केवल खबर लिखने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की आंख और कान होता है। यदि दिनदहाड़े जिला मुख्यालय में एक पत्रकार भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। अब यह घटना पुलिस के लिए केवल एक लूट का मामला नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था पर जनता के भरोसे की भी परीक्षा है। लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस अपराधियों तक कितनी जल्दी पहुंचती है और उन्हें कानून के कठघरे में खड़ा कर पाती है।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान