शोहरतगढ़ पुलिस मोहर्रम को लेकर अलर्ट, फ्लैग मार्च कर लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शोहरतगढ़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर हालात का जायजा लिया।
क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी एवं प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने शोहरतगढ़ कस्बे के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा ताजिया मार्गों पर पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने ताजियेदारों, ताजिया निर्माताओं एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही पुलिस प्रशासन ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए सहयोग की अपेक्षा जताई।
फ्लैग मार्च में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव, उपनिरीक्षक रामबदन यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
फिलहाल मोहर्रम पर्व को लेकर शोहरतगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने का कार्य किया जा रहा है।