गांव की समस्या, गांव में समाधान अभियान के तहत सियाँव नानकार में लगी चौपाल, अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
शोहरतगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत सियाँव नानकार में “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सचिव कामेश्वर मिश्रा ने की। चौपाल में ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सचिव कामेश्वर मिश्रा ने ग्रामीणों को पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय योजना तथा विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (जी-राम-जी) ग्रामीण योजना के बारे में जागरूक किया। उन्होंने गांव में स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई के प्रति लोगों को प्रेरित भी किया।
कार्यक्रम में आरबीआई बैंक प्रतिनिधि संतोष शुक्ला ने बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मशरूम की खेती, अगरबत्ती, मोमबत्ती, अचार एवं मसाला पाउडर जैसे गृह उद्योगों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित कई सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
महिला विकास संस्थान के ब्लॉक ऑफिसर अमन शर्मा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करते हुए शपथ दिलाई। इसके अलावा साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी लोगों को सचेत किया गया।
इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि आर.डी. त्यागी, रोजगार सेवक गिरजेश चौधरी, पंचायत सहायक सोनी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री विनीता त्यागी, सफाई कर्मी रंगीलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें गणेश, रामराज, धनई, सुखराज, आकाश, श्यामलाल, सुभावती, किसलावती, बबलू, सुधा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।