शोहरतगढ़ के रमवापुर नानकार व सेमरा में ग्राम चौपाल आयोजित, ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी
गुरुजी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
शुक्रवार को विकासखंड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत रमवापुर नानकार एवं सेमरा में “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रमवापुर नानकार में चौपाल की अध्यक्षता प्रभारी सचिव संदीप सरोज ने की, जबकि सेमरा में कार्यक्रम का संचालन सचिव गौरव श्रीवास्तव की देखरेख में संपन्न हुआ।
ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। सचिवों ने बताया कि शासन का उद्देश्य ग्राम स्तर पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 21 दिनों के भीतर आवेदन करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में राशन कार्ड, फैमिली आईडी, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, किसान सम्मान निधि, व्यक्तिगत शौचालय योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता योजना, जीवन ज्योति योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई।
इस अवसर पर ग्राम सभा रमवापुर नानकार में सचिव संदीप सरोज, ग्राम प्रधान किसलावती देवी, प्रधान प्रतिनिधि सुभाष यादव, रघुपति यादव एवं ग्राम रोजगार सेवक राजदेव उपस्थित रहे। वहीं ग्राम सभा सेमरा में सचिव गौरव श्रीवास्तव, प्रधान प्रतिनिधि अनिल पांडेय, पंचायत सहायक पूजा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।