महुआ डाबर: मिट्टी में दबा नहीं, सांस लेता इतिहासअंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर शहादत की विरासत को याद करने की अपील
महुआ डाबर: मिट्टी में दबा नहीं, सांस लेता इतिहास
अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर शहादत की विरासत को याद करने की अपील
केवल एक गांव नहीं, बल्कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वह ऐतिहासिक धरती है, जहां आज भी शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान की गूंज सुनाई देती है। यहां की मिट्टी में 1857 की क्रांति की वह कहानी दबी है, जिसे इतिहास के बड़े पन्नों में पर्याप्त स्थान नहीं मिल सका।
महुआ डाबर संग्रहालय में आज भी 1857 की क्रांति से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज, पुराने सिक्के, जंग लगे हथियार और ऐतिहासिक अवशेष सुरक्षित हैं। किराये के भवन में संचालित यह संग्रहालय केवल वस्तुओं का संग्रह नहीं, बल्कि शहीदों की जीवंत स्मृति है। यहां आने वाले लोग अपने पुरखों की बहादुरी और बलिदान को महसूस करते हैं।
इतिहास के अनुसार 10 जून 1857 को महुआ डाबर के महानायक ने अपने साथियों के साथ मिलकर छह ब्रिटिश सैन्य अधिकारियों को मार गिराया था। इस घटना से बौखलाई अंग्रेजी हुकूमत ने प्रतिशोध में पूरे गांव को “गैरचिरागी” घोषित कर उजाड़ दिया। करीब पांच हजार की आबादी वाले गांव को तबाह कर खेतों को बंजर बना दिया गया, लेकिन यहां के लोगों का स्वाभिमान नहीं मिटा।
169 वर्ष बाद भी महुआ डाबर की धरती पर इतिहास जीवित महसूस होता है। गांव के खंडहर, खेतों से निकले अवशेष और संग्रहालय में संरक्षित दस्तावेज इस बात की गवाही देते हैं कि 1857 की लड़ाई केवल दिल्ली, मेरठ या लखनऊ तक सीमित नहीं थी, बल्कि बस्ती के इस छोटे से गांव की गलियों में भी लड़ी गई थी।
महुआ डाबर संग्रहालय के महानिदेशक ने बताया कि वर्ष 1999 में संग्रहालय की शुरुआत बेहद सीमित संसाधनों के साथ हुई थी। गांव-गांव और घर-घर जाकर बुजुर्गों से मौखिक इतिहास जुटाया गया, खेतों से ऐतिहासिक अवशेष निकाले गए और सरकारी अभिलेखागारों में दस्तावेज खोजे गए। आज यह संग्रहालय उन गुमनाम शहीदों की याद को संजोए हुए है, जिन्हें इतिहास में उचित पहचान नहीं मिल सकी।
उन्होंने कहा कि महुआ डाबर का इतिहास केवल अतीत नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस हमें यह संदेश देता है कि देश की विरासत को केवल देखना ही नहीं, बल्कि समझना और सहेजना भी जरूरी है।
महुआ डाबर संग्रहालय को भारत का पहला ऐसा संग्रहालय माना जाता है, जो 1857 के आम जन-नायकों और ग्रामीण क्रांतिकारियों को समर्पित है। यह स्थान बताता है कि आज़ादी की सबसे बड़ी कीमत किसानों, मजदूरों और कारीगरों ने चुकाई थी।
आजादी के अमृतकाल में जहां देशभर में स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को सहेजने की पहल हो रही है, वहीं महुआ डाबर आज भी हजारों शहादतों की मौन गवाही देता खड़ा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यहां “शहादत विरासत कॉरिडोर” विकसित किया जाए, ताकि देश और दुनिया इस ऐतिहासिक स्थल की गौरवगाथा को जान सके।