सिद्धार्थनगर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारियों के तबादले
गुरुजी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। एसएसपी ने कई थाना प्रभारियों और उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस महकमे में “तबादला एक्सप्रेस” के रूप में देखा जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक हरि कृष्ण उपाध्याय को थाना उसका बाजार से हटाकर त्रिलोकपुर थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक संतोष तिवारी को कपिलवस्तु थाने से स्थानांतरित कर थाना उसका बाजार का प्रभारी बनाया गया है।
उप निरीक्षक मान सिंह, जो महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन में तैनात थे, उन्हें कपिलवस्तु थाना का प्रभार दिया गया है। उप निरीक्षक ओम प्रकाश मिश्र को एण्टी थेफ्ट टीम से हटाकर पथरा बाजार थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
उप निरीक्षक अमित कुमार, जो पथरा बाजार के थानाध्यक्ष थे, उन्हें थाना सिद्धार्थनगर भेजा गया है। वहीं उप निरीक्षक बृजेश सिंह को भवानीगंज से हटाकर शिवनगर डिडई थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उप निरीक्षक विनय शंकर सिंह को थाना सिद्धार्थनगर से भवानीगंज थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा उप निरीक्षक चंद्रकांत पाण्डेय को त्रिलोकपुर से हटाकर एसओजी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
निरीक्षक अरविंद कुमार मौर्य को शिवनगर डिडई से हटाकर महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को पथरा बाजार से एण्टी थेफ्ट टीम का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को आगामी कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।