बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे तीन यात्रियों के पास से 14.87 करोड़ की हाइड्रोपोनिक वीड बरामद
गुरु जी की कलम से
लखनऊ। पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट और एयर सीमा शुल्क विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए तीन यात्रियों के पास से करीब 14.87 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विशेष खुफिया सूचना के आधार पर फ्लाइट संख्या एफडी-146 से बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे तीन यात्रियों को ग्रीन चैनल पर रोका गया। जांच के दौरान उनके चेक-इन बैगेज से पारदर्शी वैक्यूम पैक पाउच बरामद हुए, जिनमें हरे रंग के फूल और फ्रूटिंग टॉप पाए गए। प्रारंभिक जांच में इन्हें हाइड्रोपोनिक वीड माना गया।
एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा-43 के तहत की गई कार्रवाई में पहले यात्री से 2.957 किलोग्राम, दूसरे यात्री से 3.425 किलोग्राम तथा तीसरे यात्री से 8.490 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 14.872 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड जब्त की गई।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 14.87 करोड़ रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।