विद्यालय बस की चपेट में आने से छात्र की मौत, गांव में मचा कोहराम
गुरुजी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के औरहवा गांव में सोमवार सुबह स्कूल जाने के समय एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें विद्यालय बस की चपेट में आने से 8 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र आदित्य कुमार पुत्र अनिल शर्मा, उम्र लगभग 8 वर्ष, बरसाती इंटर कॉलेज पथरदेईया में कक्षा 2 का छात्र था। वह अपनी बहनों के साथ स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। जैसे ही बस पहुंची, उसकी बहन बस पर चढ़ गई, लेकिन आदित्य के चढ़ने से पहले ही चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इसी दौरान वह नीचे गिर गया और बस की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक छात्र के परिजनों ने आरोप लगाया है कि चालक की लापरवाही तथा बस में परिचालक, केयरटेकर या सुरक्षाकर्मी न होने के कारण यह हादसा हुआ है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस ने बस और चालक अब्दुल रसीद पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी धनौली थाना पचपेड़वा जनपद बलरामपुर, को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।