जाम के झाम में बढ़नी, पचपेड़वा तिराहे पर घंटों फंसी रही एंबुलेंस
गुरुजी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
शुक्रवार शाम बढ़नी कस्बे के पचपेड़वा तिराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर भीषण जाम लग गया, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम इतना लंबा था कि एनएच 730 के दोनों ओर करीब 2 से 3 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे पचपेड़वा रोड, ढेबरुआ रोड, बस स्टॉप रेलवे क्रॉसिंग से लेकर ढेबरुआ रोड तक सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थिति बिगड़ गई। इसी दौरान मरीज को लेकर जिले की ओर जा रही एक प्राइवेट एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।
सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि जाम हटाने में प्रशासन को कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासन के जवान यातायात व्यवस्था बहाल कराने में जुटे रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टॉप से लेकर ढेबरुआ रोड तथा पचपेड़वा रोड तक सड़क किनारे दर्जनों ट्रक बेतरतीब ढंग से खड़े रहते हैं। पेट्रोल पंप से ढेबरुआ रोड तक लगभग 2 किलोमीटर तक एनएच 730 के दोनों ओर ट्रकों की पार्किंग जैसी स्थिति बनी रहती है, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और आए दिन दुर्घटनाओं के साथ जाम की समस्या बनी रहती है।
कस्बावासियों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर कार्रवाई करते हुए स्थायी समाधान की मांग की है।