संदिग्ध हालात में महिला की जलकर मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम संसरी टोला करूआ में सोमवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर जलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, संसरी टोला करूआ निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र राजेश यादव की पत्नी मंजू उर्फ लाली की उनके दूसरे मकान के एक कमरे में जलकर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मायके वालों को सूचना दी और जले हुए शव को कपड़े से ढककर कमरे को बाहर से बंद कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही ढेबरुआ पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही थी।
मृतका की सास शुभावती ने बताया कि सुबह मंजू उर्फ लाली मंजन आदि करने के लिए एक मकान से दूसरे मकान में गई थी। कुछ देर बाद कमरे में आग लग गई। उस समय उसका बेटा राजेश ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मिट्टी गिराने गया था, दूसरा बेटा मोहित भैंस चराने गया था तथा पति राजेंद्र दूध बेचने गए थे।
वहीं मृतका की मां कपूरा देवी पत्नी सत्यनारायण, निवासी ग्राम दुबौलिया थाना चिल्हिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी की शादी 18 अप्रैल 2024 को राजेश यादव के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही बेटी को प्रताड़ित किया जाता था और ससुराल पक्ष ने उसे जलाकर मार डाला।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।