शोहरतगढ़ में ग्राम प्रधानों की मासिक बैठक संपन्न, लंबित भुगतान व कार्यकाल बढ़ाने की उठी मांग
शोहरतगढ़/बढ़नी, सिद्धार्थनगर। ब्लॉक परिसर शोहरतगढ़ में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन, उत्तर प्रदेश के बैनर तले ग्राम प्रधानों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधानों की विभिन्न समस्याओं, अधिकारों तथा लंबित भुगतानों को लेकर जोरदार तरीके से आवाज उठाई गई। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष ताकीब रिज़वी ने कहा कि ग्राम प्रधानों ने बीते पांच वर्षों में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य किया है तथा सरकार के विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे में सरकार को प्रधानों के हित में उनका कार्यकाल बढ़ाने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, ताकि विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे।
जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा ने कहा कि जनपद के ग्राम प्रधानों पर लगभग 15 से 20 लाख रुपये तक का भुगतान बकाया है, जिससे गांवों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सिद्धार्थनगर जनपद में मनरेगा के तहत अरबों रुपये का भुगतान लंबित है, जिससे पंचायतों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल पा रही है।
जिला महामंत्री सुनील सिंह एवं ब्लॉक अध्यक्ष जफर आलम ने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम प्रधान अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। भुगतान में देरी, प्रशासनिक दबाव और योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं लगातार बढ़ रही हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रधान संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
बैठक के दौरान सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि 26 मई 2026 के बाद ग्राम प्रधान को ही प्रशासक माना जाए अथवा उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए। साथ ही मनरेगा एवं ग्राम निधि के अंतर्गत कराए गए कार्यों का तत्काल भुगतान, चुनावी वर्ष में ग्राम चौपाल कार्यक्रम पर रोक, पंचायत कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप बंद करने तथा ग्राम निधि व मनरेगा की आईडी तत्काल जारी कर कार्य शुरू कराने की मांग उठाई गई।
इस अवसर पर शिवलाल प्रजापति, रामदास आर्य, शीला चौरसिया, सुभाष चंद्र यादव, शीला कुमारी, गंगाधर मिश्रा, किस्मत अली, अब्दुल रशीद, अजय कुमार मिश्रा, करम हुसैन, संजय कुमार, मीरा देवी, राममिलन चौधरी, ओसामा, राजेंद्र पाल, अनिल कुमार पांडेय, पवन कुमार, कैलास प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान मौजूद रहे।