तुलसियापुर चौराहे पर बोलेरो-स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर


गुरुजी की कलम से
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे बोलेरो और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोहरतगढ़ पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एसबीआई बैंक तुलसियापुर के सामने पश्चिम दिशा से आ रही महिंद्रा बोलेरो (संख्या UP-55-X-8287) और पूरब दिशा से आ रही स्कूटी (संख्या UP-55-AS-0633) में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बोलेरो के अगले हिस्से में भी नुकसान पहुंचा।
घायल युवक की पहचान राजेंद्र (34) पुत्र राम चंदर, निवासी वार्ड नंबर 6 आर्य नगर, नगर पंचायत शोहरतगढ़ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राजेंद्र कस्बे में शांति मार्केट के सामने मूंगफली का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। हादसे में उसके सिर और पेट में गंभीर चोटें आई हैं।
सीएचसी शोहरतगढ़ में तैनात चिकित्सक डॉ. अभय भारती ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, हालत में सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान