उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ तहसील अंतर्गत शिवपति स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ


 गुरु जी की कलम से
- स्कूली छात्राओं ने नारी के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित पोस्टरों के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।



 कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथियों के स्वागत, माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर छात्राओं ने अतिथियों को बैज, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजीव त्यागी (पुलिस उपमहानिरीक्षक) ने कहा कि समय के साथ समाज में बड़े बदलाव आए हैं। पहले कृषि कार्य में नंदी (बैल) की भूमिका महत्वपूर्ण थी, लेकिन अब उसकी जगह आधुनिक कृषि यंत्रों ने ले ली है। उन्होंने कहा कि भारत पारंपरिक रूप से पुरुष प्रधान समाज रहा है, लेकिन बदलती अर्थव्यवस्था और सामाजिक संरचना के कारण महिलाएं आज पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, आत्मनिर्भरता तथा शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही मोबाइल के दुष्प्रभावों के प्रति भी महिलाओं को सचेत किया।

विशिष्ट अतिथि डॉ अभिषेक महाजन (पुलिस अधीक्षक) ने छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सभी को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं को सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित जानकारी दी जाती है। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया।

कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अरविन्द कुमार सिंह ने महिला शक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवरात्रि में माँ दुर्गा की पूजा इसलिए की जाती है क्योंकि वे संकट के समय असुरों का संहार करती हैं। उन्होंने कहा कि वेदों की अनेक ऋचाएं भी महिलाओं द्वारा लिखी गई हैं, जो उनके ज्ञान और शक्ति का प्रमाण है।

महिला इंस्पेक्टर भाग्यवती पाण्डेय ने छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय बताए और अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों के साथ संवाद बनाए रखें, ताकि वे अपनी समस्याएं खुलकर साझा कर सकें। कार्यक्रम के दौरान महिला अपराध, साइबर सुरक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रशांत कुमार प्रसाद (अपर पुलिस अधीक्षक), गौरव श्रीवास्तव (अपर जिलाधिकारी न्यायिक), विवेकानंद मिश्रा (एसडीएम),  सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

 कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सेव गर्ल चाइल्ड तथा नारी के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित पोस्टरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में सीओ मयंक द्विवेदी, इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, इंस्पेक्टर दुर्गा प्रसाद, इंस्पेक्टर राजेश कुमार गुप्ता, कॉलेज के डॉ धर्मेन्द्र सिंह, मेजर मुकेश कुमार, रामकिशोर सिंह, अजय कुमार सिंह, प्रवीण कुमार, तुषार रंजन, शशि शेखर मिश्र, देवेन्द्र सिंह, रत्नेश सोनी, अश्विनी कुमार सिंह, राजीव मिश्रा, छात्रा रीना प्रजापति, मुस्कान पांडेय, अंकिता मौर्या उमा पांडेय, ज्योति, विंध्यवासिनी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर ए के सिंह द्वारा किया गया

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान