मिशन शक्ति फेज-5 की प्रगति पर सीओ शोहरतगढ़ ने की समीक्षा बैठक
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। पुलिस क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने शनिवार को मिशन शक्ति फेज-5 के तहत सर्किल शोहरतगढ़ के सभी थानों पर स्थापित महिला मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं उनकी टीम के साथ गोष्ठी आयोजित कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान अभियान के द्वितीय चरण, जो वासंतिक नवरात्रि से संचालित है, के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने अब तक की गई कार्यवाहियों का जायजा लेते हुए अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि थानों पर आने वाली पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना जाए तथा उनका त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सीओ ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत गांवों एवं सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति लगातार जागरूक किया जाना आवश्यक है। साथ ही टीमों को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में सक्रिय रहकर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करें।
गोष्ठी में उपस्थित सभी प्रभारियों को अभियान को और अधिक सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।