भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 327 किलो गांजा संग ट्रक चालक गिरफ्तार
परमात्मा प्रसाद उपाध्याय
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 327 किलो अवैध गांजा बरामद करते हुए एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बरगदवा थाना क्षेत्र स्थित भारत-नेपाल सीमा के समीप चकरार एसएसबी रोड पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर एसएसबी, पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार भोर करीब 4 बजे संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रहे एक भारतीय ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक की केबिन में छिपाकर रखे गए 21 बड़े डिब्बों से कुल 327 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
मौके से ट्रक चालक रंजीत गिरी, निवासी पश्चिमी चंपारण (बिहार) को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक उसे नेपाल के काठमांडू में मिला था और उसे यह माल कुशीनगर पहुंचाना था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।