काकोरी शताब्दी विशेषांक का महुआ डाबर संग्रहालय में भव्य विमोचन

बस्ती। स्वतंत्रता संग्राम के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर काकोरी शताब्दी विशेषांक का विमोचन महुआ डाबर संग्रहालय में एक गरिमामय समारोह में किया गया। यह विशेषांक जनमानस प्रकाशन, कानपुर से प्रकाशित और वरिष्ठ इतिहासकार डॉ. शाह आलम राना द्वारा संपादित है।

इस अवसर पर डॉ. राना ने कहा कि आज जबकि स्वतंत्रता संग्राम की कई घटनाएं नई पीढ़ी की स्मृति से धुंधली हो रही हैं, ऐसे दस्तावेज़ अतीत और वर्तमान के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। काकोरी ट्रेन एक्शन को केवल डकैती नहीं, बल्कि अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिलाने वाला सुनियोजित क्रांतिकारी कदम समझना चाहिए।

विशेषांक में काकोरी केस: एक परिचय, काकोरी ट्रेन एक्शन की विशेषताएं, काकोरी का मुकदमा और सजाएं जैसे शोधपूर्ण आलेख शामिल हैं, जो घटना की पृष्ठभूमि, योजना, क्रियान्वयन और राजनीतिक प्रभाव को उजागर करते हैं। संस्मरण खंड में रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्रनाथ लाहिड़ी, चंद्रशेखर आज़ाद और अन्य क्रांतिकारियों के अनुभव व प्रसंग पाठकों के दिल को छू लेते हैं।

दस्तावेज़ खंड में भगत सिंह की टिप्पणियां, क्रांतिकारियों के पत्र, न्यायालयीन अभिलेख, सरकारी नोटिस और उस दौर की दुर्लभ तस्वीरें शामिल हैं, जो पाठकों को सीधे उस ऐतिहासिक दौर में ले जाती हैं। पुस्तक समीक्षा खंड युवा पीढ़ी के लिए नए दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।

कार्यक्रम में मौजूद इतिहासकारों, साहित्यकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस विशेषांक को स्वतंत्रता संग्राम के अध्ययन का एक महत्वपूर्ण स्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि प्रमाणिक और रोचक प्रस्तुति से इतिहास नई पीढ़ी में प्रेरणा का संचार करता है।

काकोरी की शताब्दी पर प्रकाशित यह विशेषांक सिर्फ एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि क्रांतिकारियों की अमर गाथा को वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक अमूल्य प्रयास है।

फोटो परिचय: विमोचन करते हुए संग्रहालय के पदाधिकारी — दाएँ से अतुल सिंह, मोहम्मद कैफ और डॉ. शाह आलम राना।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान