नेपाल तस्करी पर डीएम की बड़ी कार्रवाई, बैरिहवा में खाद की दुकान सील, लाइसेंस निरस्त और FIR के आदेश
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
सीमावर्ती इलाके में इन दिनों यूरिया की तस्करी ने गंभीर रूप ले लिया है। बड़ी मात्रा में खाद नेपाल भेजे जाने से जिले में किसानों के लिए यूरिया की किल्लत गहराती जा रही है। इस पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की।
जिलाधिकारी ने सोमवार को किसान कृषि सेवा केंद्र, बैरिहवा (सिद्धार्थनगर) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर और वितरण रजिस्टर की गहन जांच की गई। मिलान करने पर पाया गया कि रजिस्टर के अनुसार 598 बोरी यूरिया का स्टॉक होना चाहिए था, 150 बोरी यूरिया कम पाया गया।
इस गड़बड़ी को गंभीर मानते हुए डीएम ने दुकान को तुरंत सील करने, लाइसेंस निरस्त करने और संबंधित दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सीमावर्ती क्षेत्रों में यूरिया की तस्करी जोरों पर है। तस्कर बड़ी मात्रा में यूरिया नेपाल भेज रहे हैं, जिससे जिले के किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है। इस कारण खेती के सीजन में किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में खाद आपूर्ति को पारदर्शी बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।