हीरोइन तस्करी पर एसएसबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो दिन में दो तस्कर गिरफ्तार
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर —
भारत-नेपाल सीमा पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 50वीं वाहिनी और नागरिक पुलिस की संयुक्त टीम ने दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग अभियानों में कुल 21 ग्राम से अधिक हीरोइन बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है
शनिवार को एसएसबी 50वीं वाहिनी के समवाय मलगहिया के जवानों और ढेबरुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घरुआर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें 14.27 ग्राम हीरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद जमाल उर्फ बड़का (उम्र 35 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 8, आज़ाद नगर, बढ़नी, थाना ढेबरुआ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस मादक पदार्थ को नेपाल ले जाने की फिराक में था। टीम ने बरामद हीरोइन समेत अभियुक्त को एनडीपीएस एक्ट के तहत ढेबरुआ थाने को सुपुर्द किया, जहां से उसे न्यायालय भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसएसबी एसआई मयान सिंह, चौकी प्रभारी अनिरुद्ध सिंह, एएसआई किशोर गिरी, गुंजन कुमार, अमनेश सिंह, विनोद कामथ, राज सिंह, मनीष कुम सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को मधवानगर नहर के पास एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त अभियान में 6.99 ग्राम स्मैक के साथ एक अन्य तस्कर को दबोच लिया।
एसएसबी 50वीं वाहिनी के सी समवाय के सहायक कमांडेंट ज्योति शरण ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्मैक लेकर बढ़नी की ओर जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियुक्त को दबोच लिया।
ढेबरुआ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया।
सीमा पर नशा तस्करों की कमर तोड़ने का प्रयास
एसएसबी और पुलिस की इस संयुक्त कार्यवाही से स्पष्ट है कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। लगातार कार्रवाई से नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की उम्मीद की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एसएसबी की इस तत्परता की सराहना की है।