15 अगस्त का शुभ दिन भारत के रीजनीतिक इतिहास में सबसे ज्यादा अहमियत रखता है
गुरूजी की कलम से
आप भारत माता के समस्त सपूतों इस देश के उज्जवल भविष्य के कर्णधारों अन्नदाता किसानों देश को सतमार्ग पर ले जाने वाले नेताओं छात्रों शिक्षकों कुशल इंजीनियरों मजदूरों व्यापारियों उद्योगपतियों समेत समस्त भारतवासियों को मै स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। आज हम सभी 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। पूरा देश आजादी की सालगिरह के जश्न में डूबा है। इस वर्ष भारत सरकार ‘विकसित भारत’ थीम के तहत स्वतंत्रता दिवस मना रही है। इस थीम के जरिए भारत सरकार 2047 तक देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में फोकस कर रही है।साथियों, 15 अगस्त का शुभ दिन भारत के रीजनीतिक इतिहास में सबसे ज्यादा अहमियत रखता है। 15 अगस्त ही वह दिन है जब देश को अंग्रेजों की 200 सालों की गुलामी की बेड़ियों से मुक्ति मिली थी। ब्रिटिश राज में देश की जनता पर काफी अत्याचार किए गए। ब्रिटिश हुकूमत के जुल्मों से देश की जनता को छुटकारा दिलाने के लिए सैंकड़ों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी।
ऐसे में यह दिन उन महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का भी है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया। देश को आजाद कराने में महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, मंगल पाण्डे, ,राजगुरु, सुखदेव, जवाहरलाल नेहरु, लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक जैसे कई क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों का अहम योगदान रहा। यह दिन इन सभी क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने और श्रद्धांजलि देने का दिन है।
साथियों! 15 अगस्त हर साल आता है और हमारे दिलोदिमाग में ‘हम स्वतंत्र हैं और स्वतंत्र रहेंगे’ का भाव जागृत कर चला जता है। यह सबसे बड़ा राष्ट्रीय पर्व राष्ट्र और राष्ट्रीयता की हलचल पैदा कर जाता है। वर्ष में राष्ट्र ने क्या खोया और क्या पाया का हिसाब बता जाता है। भारत माता और भारत की स्वतंत्र सत्ता के लिए कर्तव्य का भाव जगा जाता है।
आइए हम अपनेराष्ट्र ध्वज को नमन करें। राष्ट्र के कल्याण के प्रति अपने संकल्प को दोहराएं। देश के विकास व सुरक्षा और देशवासियों के कल्याण के प्रति हमेशा समर्पित रहने की प्रतिज्ञा लें। एक बार फिर से आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।