जनपद सिद्धार्थनगर में चार शातिर चोर गिरफ्तार, भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
सिद्धार्थनगर, 05 जुलाई 2025।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर जनपदीय एसओजी और थाना ढेबरुआ पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं में संलिप्त चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, सोने-चांदी के आभूषण और ₹20,500 नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नेपाल के अनिल चौधरी और मोनू चौधरी के साथ-साथ सिद्धार्थनगर के कलीम अहमद और विवेक चतुर्वेदी शामिल हैं। अभियुक्तों के खिलाफ ढेबरुआ, त्रिलोकपुर, गोल्हौरा व खेसरहा थानों में कई आपराधिक मुकदमे पंजीकृत हैं।
बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण, 4 मोबाइल फोन और नकद ₹20,500 शामिल हैं। आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
इस सफलता में क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ सुजीत राय, प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह सहित एसओजी प्रभारी जीवन त्रिपाठी व पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।