इटवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग
इटवा, 14 जुलाई।
वाराणसी के सिगरा थाने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं पर दर्ज "फर्जी मुकदमे" को वापस लेने की मांग को लेकर आज इटवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। तहसील परिसर में हुए इस प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस जिला अध्यक्ष काज़ी सोहेल अहमद ने की। प्रदर्शन के पश्चात राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी इटवा को सौंपा गया।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव डॉ. नादिर सलाम और जिला अध्यक्ष काज़ी सोहेल अहमद ने कहा कि 10 जुलाई को वाराणसी में जलभराव, खराब सीवर व्यवस्था, और कांवड़ यात्रियों की समस्याओं को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पोल खोल पदयात्रा निकाली जा रही थी, तभी पुलिस ने दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से अजय राय सहित 10 कांग्रेस जनों पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया। उन्होंने इसे योगी सरकार की दमनात्मक कार्रवाई बताया और कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तानाशाही रवैये का पुरज़ोर विरोध करती है।
पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद तिवारी एवं जिला उपाध्यक्ष जावेद मुकीम ने कहा कि काशी जैसे पवित्र नगर में जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है, और जब कांग्रेस ने इन मुद्दों को उठाया तो उसे कुचलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सावन के इस पावन महीने में भी श्रद्धालुओं को किसी तरह की सुविधा नहीं दी जा रही।
इस विरोध प्रदर्शन में मैनुद्दीन, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, रियाज मनिहार, ऋषिकेश मिश्रा, अफसार अहमद, शकील अहमद, मुस्तकीम खान, महबूब आलम, सरफराज अहमद, मास्टर फूलचंद, प्रेम तिवारी, शमशाद अहमद, नफीस चौधरी, महफूज चौधरी, गौचरण यादव, कायर प्रधान, दिवाकर त्रिपाठी, रियाजउद्दीन राईनी, होरीलाल श्रीवास्तव, रितेश त्रिपाठी, डॉ. प्रमोद कुमार, उस्मान अली, अर्जुन कनौजिया, अब्दुल समद, उमेर अहमद और फूलचंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में मांग की कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य कार्यकर्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा अविलंब वापस लिया जाए, अन्यथा कांग्रेस जन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज करेंगे।