प्रधानपति ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस पर लगाया पक्षपात का आरोप ढेबरुआ थानाक्षेत्र का मामला, उच्च अधिकारियों से की सुरक्षा की मांग

गुरुजी की कलम से

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
ग्राम पंचायत घरुवार की प्रधान शारदा देवी के पति राधेश्याम शर्मा ने रविवार को बढ़नी स्थित डाक बंगले पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम डढउल निवासी शेषराम यादव ने विगत 9 मई को उन पर हमला किया था, जिसमें उन्हें चोटें आई थीं।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार चौकी और थाने पर तहरीर देने के बाद बड़ी मुश्किल से एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन पुलिस ने मामले को हल्के धाराओं में दर्ज कर खानापूर्ति कर दी। राधेश्याम शर्मा ने यह भी कहा कि 12 जून को एक बार फिर आरोपी शेषराम यादव ने उन पर ईंट आदि से जानलेवा हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसकी सूचना थाने को देने के बावजूद अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन आरोपी से मिला हुआ है और उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। राधेश्याम शर्मा ने यह भी बताया कि उनके गांव में पूर्व में एक प्रधान की हत्या हो चुकी है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए उच्च अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेने और उचित कार्रवाई करने की अपील की है।

थाना प्रभारी का पक्ष
इस संबंध में ढेबरुआ थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और आरोपी को शांतिभंग की आशंका में पाबंद कर कार्यवाही की गई है।



Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान