इटवा थाना समाधान दिवस पर डीएम व एसपी ने सुनी जनता की समस्याएं, भूमि विवादों के निस्तारण के दिए सख्त निर्देश

सिद्धार्थनगर, 14 जून 2025 – शासन की मंशा के अनुरूप जिले में प्रत्येक माह के द्वितीय और चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस के अंतर्गत आज थाना इटवा में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में जनसुनवाई हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं।

समाधान दिवस के दौरान अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा और नाली से जुड़ी रहीं। जिलाधिकारी ने इन प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग की टीमों को निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुनें और निष्पक्ष रूप से समस्या का निस्तारण करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

डॉ. राजा गणपति ने उपजिलाधिकारी इटवा को निर्देश दिया कि अधिक विवादित मामलों में विशेष राजस्व टीम गठित की जाए और हल्का लेखपाल तथा राजस्व निरीक्षक को मौके पर भेजा जाए। उन्होंने अवैध कब्जों, पट्टों, चकमार्ग और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण जैसे मामलों में ग्रामवासियों के बयान के आधार पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राजस्व टीम पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान करे और अधिक से अधिक मामलों का उसी दिन निस्तारण कराए। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी मामला लंबित न छोड़ा जाए। अगर किसी व्यक्ति ने सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण किया है, तो उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए।

थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों से आपसी मेलजोल बनाए रखने और शांति का वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का निपटारा राजस्व टीम द्वारा मौके पर जाकर कराया जाएगा।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल, थानाध्यक्ष इटवा, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल रणधीर यादव, नवीन चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनता ने प्रशासन की तत्परता और पारदर्शिता की सराहना की।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान