पहली बारिश ने खोली नगर पंचायत के विकास कार्यों की पोल, सड़कों पर भरा पानी बना लोगों की मुसीबत
बढ़नी, सिद्धार्थनगर:
आदर्श नगर पंचायत बढ़नी के वार्ड नंबर 8, आजाद नगर में पहली ही बारिश ने नगर पंचायत की तैयारियों की पोल खोल दी है। बारिश के बाद मोहल्ले और गलियां जलमग्न हो गई हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी मोहम्मद अख्तर ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, जिसके चलते सड़कों पर पानी भर गया है। कई स्थानों पर पानी घरों में घुसने लगा है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जलभराव से न केवल पैदल चलना मुश्किल हो गया है, बल्कि बाइक और अन्य वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो रही है। गंदे पानी के जमाव के चलते बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
पिछले साल भी यही रही स्थिति
स्थानीय सभासद आसमा खातून ने बताया कि पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान पानी निकासी की समस्या सामने आई थी। उन्होंने नगर पंचायत से नाली सफाई और जल निकासी की कई बार शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस साल भी वही स्थिति दोहराई जा रही है।
प्रशासन का जवाब
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी (ईओ) अजय कुमार ने बताया कि "वार्ड में नाले का निर्माण कार्य जारी है, जिसकी वजह से अस्थायी रूप से जल निकासी में समस्या हो रही है। नाला पूरा होते ही पानी की निकासी सामान्य हो जाएगी।"
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और आने वाले दिनों में बारिश से होने वाली समस्याओं से बचा जा सके।