प्रशासन ने जेसीबी से मस्जिद और मदरसे को किया ध्वस्त, भारी पुलिस बल की तैनाती
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर:
सिद्धार्थनगर जनपद के वढनी विकासखंड अंतर्गत सिसवा उर्फ शिव भारी गांव में स्थित मस्जिद और मदरसे को प्रशासन ने आज सुबह जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भारी पुलिस बल, पीएसी जवानों और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दी गई।
प्रशासन ने मस्जिद और मदरसे को हटाने का नोटिस लगभग एक माह पूर्व जारी किया था, जिसमें बताया गया था कि ये धार्मिक स्थल सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित हैं। हालांकि, नोटिस दिए जाने के बाद भी मदरसा एवं मस्जिद की इंतजामिया कमेटी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
आज सुबह जैसे ही प्रशासन की टीम जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मौके पर पहुंची, पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। मस्जिद और मदरसे के चारों ओर करीब 50 मीटर की दूरी तक सुरक्षा घेरा बना दिया गया, जिसमें किसी भी आम व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं थी।
ध्वस्तीकरण की यह कार्रवाई सुबह से शुरू हुई और इसमें जिले के एक दर्जन से अधिक थानों की पुलिस, तीन ट्रक पीएसी के जवान, और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय स्तर पर एडिशनल एसपी सिद्धार्थनगर सहित ढेबरुआ, शिव नगर, शोहरतगढ़, मिश्रौलिया, गोल्हौरा, उदयपुर और जोगिया थानों की पुलिस फोर्स मुस्तैदी से तैनात रही।
प्रशासन द्वारा ध्वस्त किए गए भवन के मलबे को तुरंत हटाने की व्यवस्था भी की गई थी, जिससे क्षेत्र में यातायात या जनजीवन प्रभावित न हो।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध या हिंसा नहीं देखने को मिला, जिससे प्रशासन ने इसे "शांतिपूर्ण एवं सफल अभियान" करार दिया है!