बढ़नी में विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि, हवाई सुरक्षा पर उठे सवालसमाजसेवियों ने सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवज़ा देने की मांग की
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों की याद में शुक्रवार को बढ़नी नगर के बस स्टॉप तिराहे पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों को श्रद्धांजलि देने के लिए समाजसेवी, शिक्षक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में एकत्र हुए। मोमबत्तियां जलाकर व दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और केंद्र व राज्य सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र और समुचित मुआवज़ा दिया जाए।
आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र भारती ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह घटना हवाई सुरक्षा मानकों के पालन की अनिवार्यता को फिर से रेखांकित करती है। उन्होंने कहा कि विमानन क्षेत्र में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए और इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।
इस मौके पर अध्यापक सत्येंद्र कुमार, निसार अहमद, खुर्शीद आलम, मो. युसुफ, वासुदेव कसौधन, गयासुद्दीन, मुस्ताक अहमद, नसीम अहमद, नफीस समेत बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
सभा के अंत में सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में मांग की कि हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।