अर्धनग्न मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
बढ़नी, सिद्धार्थनगर
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड बढ़नी की ग्राम पंचायत जमधरा के पास एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने ढेकहरी से जमधरा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा देखा।
घटना की सूचना मिलते ही ढेबरुआ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होता है, जिसे अक्सर आसपास के चौराहों पर अर्धनग्न अवस्था में घूमते हुए देखा जाता था।
स्थानीय लोगों का मानना है कि उक्त व्यक्ति कहीं से भटक कर इस क्षेत्र में आ गया होगा और किसी कारणवश उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में सूचना प्रसारित कर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। मामले की जांच जारी है।