मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान, विधायक ने किया विद्यालय विकास कार्य का शिलान्यास
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
बढ़नी ब्लॉक के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं. बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने विधायक निधि से बनने वाले बरामदे के निर्माण कार्य का भूमि पूजन व शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय के समग्र विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
विद्यालय में कुल 17 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बरामदा निर्माण का कार्य विधायक निधि से संपन्न होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित पचपेड़वा ब्लॉक प्रमुख मनोज कुमार तिवारी ने भी विधायक की सराहना करते हुए कहा कि वह हमेशा ईमानदारी से क्षेत्र की जनता के हित में अधिकारियों से भिड़ते हैं और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अनुपम शुक्ल, प्रधानाचार्य रवि शुक्ल, प्रदीप कमलापुरी, रामदास मौर्य, मयंक शुक्ल, अजय वरुण, विनय शुक्ल, विजय पाठक, जगदंबा चौबे, आशाराम, धनंजय पाठक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और सम्मान के वातावरण में हुआ।