तालीम से संवरेगा मानव समाज: सेमिनार में विद्वानों ने रखे प्रेरक विचार

बढ़नी, 28 जून:
मदरसा फातिमा गर्ल्स कॉलेज, दुधवनिया बुजुर्ग, बढ़नी में आयोजित "इंसानी समाज के लिए तालीम की अहमियत और इस्लामी तालीम" विषयक सेमिनार में देश के नामी शिक्षाविदों और विद्वानों ने तालीम को समाज निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।
सेमिनार के मुख्य अतिथि जामिया मिल्लिया इस्लामिया के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मुहम्मद उमर फारूक ने कहा कि तालीम केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि यह इंसान के अंदर रहम, अदब, इंसाफ और खुदा के डर जैसी खूबियों को पैदा करती है। उन्होंने मुस्लिम नौजवानों से अपील की कि वे आधुनिक और इस्लामी तालीम को साथ लेकर चलें और समाज की बेहतरी में योगदान दें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. अनवारुल हक, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, ने तालीम को मजहब और इंसानियत के बीच की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि इस दौर में जब इंसानी जज्बातों की कद्र कम हो रही है, इंसानी तालीम ही वह जरिया है जो दिलों को जोड़ सकती है। उन्होंने छात्राओं के भाषणों की तारीफ करते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी उम्मीद की रोशनी है।


वहीं डॉ. मसीहुद्दीन खान, मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के प्रख्यात विद्वान, ने तालीम की व्यापकता को रेखांकित करते हुए कहा कि असल तालीम वह है जो इंसान को अच्छा इंसान बनाए और आख़िरत की फिक्र पैदा करे। उन्होंने इस्लामी तालीम की रोशनी में इंसान के किरदार को संवारने की अपील की।
सेमिनार का संचालन मौलाना ज़िल्लुल्लाह सिराजी ने बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में किया। इस मौके पर छात्राओं ने तालीमी और रूहानी प्रस्तुतियों के ज़रिए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा।

कॉलेज के प्रबंधक महबूब आलम आज़ाद ने अतिथियों, शिक्षकों, छात्राओं और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रिंसिपल निशात अंजुम, मुजीबुर्रहमान, इमामुद्दीन गुड्डू सहित कई शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह आयोजन न सिर्फ शैक्षणिक दृष्टिकोण से समृद्ध रहा, बल्कि तालीम, इस्लामी उसूलों और समाज सुधार के संदेशों के कारण यह एक प्रेरणादायक पहल भी बन गया।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान