बढ़नी: भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया खाद की तस्करी तेज, प्रशासन अलर्ट
भारत-नेपाल सीमा के बढ़नी क्षेत्र में इन दिनों यूरिया खाद की तस्करी धड़ल्ले से की जा रही है। मानपुर, चरिहवा, बैरिहवा, तालकुंडा आदि क्षेत्रों से तस्कर बिना दस्तावेज के खाद खरीदकर उसे नेपाल में ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। तस्करी में मोटरसाइकिल, साइकिल और पैदल रास्तों का प्रयोग हो रहा है।
बिना नंबर प्लेट की तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों से कुरियरन सीमावर्ती गांवों के रास्ते खाद ले जा रहे हैं, जिससे सड़क हादसे भी हो रहे हैं। नेपाल में खाद की अधिक मांग के चलते यह अवैध व्यापार तेजी से फल-फूल रहा है, जिससे भारतीय किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है।
थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिंह ने बताया कि तस्करी रोकने के लिए विशेष टीम गठित की गई है और नेपाल में बैठे तस्करी सरगनाओं तक पहुंचने के लिए मुखबिर सक्रिय किए गए हैं।
चित्र परिचय:
बिना नंबर प्लेट की बाइक से नेपाल ले जाते हुए तस्कर।