बांसी क्षेत्र में आकाशीय बिजली का कहर, चार लोगों की दर्दनाक मौत



बांसी/सिद्धार्थनगर, 14 जून 2025 – जनपद के बांसी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को मौसम ने विकराल रूप ले लिया। तीन अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में मातम का माहौल फैल गया।

पहली घटना सरैनिया गांव की है, जहां निवासी रिजवान उर्फ कल्लू पुत्र अनवर और बाजारडीह के निवासी सतीश यादव पुत्र राम प्रकाश यादव पास के समोगरा गांव में एक बाग में बैठे थे। तेज धूप के बाद जब बारिश शुरू हुई तो दोनों घर की ओर लौटने लगे, इसी बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली ने दोनों की जान ले ली।

दूसरी घटना उड़वलिया गांव के इरशाद पुत्र मोहम्मद हुसैन की है, जो किसी कार्य से बांसी जा रहे थे। रास्ते में बाजारडीह गांव के पास एक पुराने जर्जर भवन में बारिश से बचने के लिए रुके थे कि बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।

तीसरी घटना में कोलकाता से आए सहजमल की जान चली गई। वह बर्तन बेचने का कार्य करता था और बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़ा था कि तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बांसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पुलिस व प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थलों पर पहुंचे और मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए प्रशासन द्वारा राहत व सहायता कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम खराब होने पर खुले स्थानों, पेड़ के नीचे या जर्जर भवनों में शरण न लें। ऐसे मौसम में सावधानी बरतना ही जीवन रक्षा का एकमात्र उपाय है।
चार मौतों की यह दर्दनाक घटना क्षेत्र में शोक की लहर छोड़ गई है। मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन प्रशासन द्वारा दिया गया है।


Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान