एसएसबी जवान को मोटरसाइकिल ने मारी टक्कर, हालत गंभीर माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
बढ़नी, सिद्धार्थनगर:
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मलगहिया बॉर्डर रोड पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एसएसबी 50वीं वाहिनी के जवान मनोज कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। ड्यूटी से लौटते समय उन्हें पीछे से आ रही एक तेज़ रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब जवान मनोज कुमार यादव मलगहिया कैंप की ओर पैदल लौट रहे थे। ग्राम मिश्रौलिया निवासी दिनेश यादव, पुत्र शिव प्रसाद यादव, नेपाल की ओर से आ रहे थे और उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल से जवान को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जवान सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल जवान को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।
ढेबरुआ थाना अध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि मामले में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।