बढ़नी में मुख्य सड़क पर नाले का मलबा डालने से 20 दिनों से जाम और बीमारियों का संकट, नगर पंचायत बेखबर



बढ़नी, सिद्धार्थनगर:

नगर पंचायत बढ़नी के डाक बंगला तिराहा के पास नाले के निर्माण कार्य के नाम पर 20 दिनों से सड़क को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है। नाले की खुदाई के बाद सारा मलबा, गंदगी और निर्माण सामग्री मुख्य सड़क पर ही फेंक दी गई है, जिससे आए दिन गंभीर जाम की स्थिति बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि न सिर्फ जाम बल्कि रोज़ाना किसी न किसी वाहन चालक के चोटिल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे क्रॉसिंग पास होने के कारण जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

स्थानीय निवासी बताते हैं कि ठेकेदार नाली और सड़क खुदवाने के बाद भाग गया है। पूरे क्षेत्र में गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे डेंगू, मलेरिया और टायफाइड जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।

न सिर्फ नगर पंचायत बल्कि अधिशासी अधिकारी (ईओ) भी पूरी तरह से बेखबर नजर आ रहे हैं। न किसी ने सफाई कराई, न ही निर्माण कार्य पूरा कराने की कोई सुध ली जा रही है।

पूर्व चेयरमैन निसार अहमद बागी ने भी प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा, "जो सड़क नेपाल बॉर्डर से जोड़ती है, उस पर इस तरह की स्थिति बेहद शर्मनाक है। यदि जल्द ही मलबा नहीं हटाया गया और निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होगी। इसका पूरा जिम्मा नगर पंचायत और तहसील प्रशासन के साथ-साथ ज़िला प्रशासन का होगा।"

नगर पंचायत के वार्ड 8, 9, 10 और 11 से गुजरने वाला यह प्रमुख मार्ग पिछले तीन सप्ताह से बदहाल है। सड़क पर बजरी, मिट्टी और गड्ढों के बीच गुजरना स्थानीय लोगों की मजबूरी बन गया है।

अब देखना होगा कि प्रशासन कब नींद से जागता है और कब इस जनसमस्या का स्थायी समाधान सामने आता है।



Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान