शोहरतगढ़ और बढ़नी नगर पंचायत में विकास कार्यों की जांच, अनियमितताओं पर विशेष सचिव ने जताई नाराजगी



बढ़नी, सिद्धार्थनगर: शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनय वर्मा की शिकायत पर नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सत्यप्रकाश पटेल ने शनिवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ और बढ़नी में विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं वित्तीय स्वीकृतियों की जांच की। उनके साथ जिले के एडीएम गौरव श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
जांच टीम ने सबसे पहले शोहरतगढ़ नगर पंचायत में निरीक्षण किया, इसके बाद दोपहर 2 बजे बढ़नी पहुंचे। यहां लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में नगर पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की पत्रावलियों की गहन जांच की गई। इसके बाद टीम ने स्टेशन रोड, गांधी आदर्श इंटर कॉलेज, मिल कॉलोनी, लोहिया नगर, भारत-नेपाल चेक पोस्ट आदि क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नालों की खराब स्थिति, गंदगी, अतिक्रमण, टूटी सड़कों और सार्वजनिक शौचालय की बदहाल व्यवस्था पर विशेष सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने ईओ अजय कुमार को जरूरी सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए।
मौके पर उपस्थित नागरिकों ने स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और साफ-सफाई से जुड़ी कई समस्याएं भी रखीं। इस दौरान सार्वजनिक शौचालय की शिकायत करने वाले एक नागरिक और चेयरमैन के परिजन के बीच बहस की स्थिति बन गई, जिसे अधिकारियों ने शांत कराया।

मीडिया से बात करते हुए विशेष सचिव सत्यप्रकाश पटेल ने बताया कि यह जांच शासन के निर्देश पर की गई है और इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान