बाणगंगा बैराज की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, हाई अलर्ट जारी



सिद्धार्थनगर, 29 मई — जिले के शोहरतगढ़ तहसील स्थित बाणगंगा बैराज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बैराज की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित, कंटीले तारों से होगी घेराबंदी

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को निर्देशित किया कि बैराज के आसपास के क्षेत्रों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाए। इसके साथ ही सिंचाई विभाग को बैराज के गेट का उच्चीकरण करने और बैराज के चारों ओर पोल लगाकर कंटीले तार लगाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति की पहुंच रोकी जा सके।


सुरक्षा के लिए बढ़ेगा पुलिस बल, लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने का भी निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने बैराज परिसर में और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा, पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि आम जनता को प्रतिबंधित क्षेत्र की जानकारी मिल सके।

उपस्थित रहे कई वरिष्ठ अधिकारी

इस बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ राहुल सिंह, परियोजना निदेशक नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा लिए गए इन ठोस निर्णयों से बाणगंगा बैराज की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। लगातार बढ़ते सुरक्षा खतरों को देखते हुए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Popular posts from this blog

दो मासूम बच्चे लापता, तलाश में जुटे परिजन – सुराग देने वाले को ₹10,000 का नकद इनाम

बुशरा खान ने इंटरमीडिएट में 95.2% अंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र और जिले का मान

मदरसों के मुद्दों पर जिला शिक्षा कार्यालय में अहम बैठक, शिक्षा अधिकारी का सम्मान