मदीहा जमाल ने बढ़ाया बढ़नी का गौरव, जामिया मिल्लिया इस्लामिया के एंट्रेंस एग्जाम में हासिल की 9वीं रैंक
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। बढ़नी कस्बे की बेटी मदीहा जमाल ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमावर्ती कस्बा कृष्णा नगर और बढ़नी की यह होनहार छात्रा जामिया मिल्लिया इस्लामिया, दिल्ली के इंटरमीडिएट एंट्रेंस एग्जाम में 9वीं रैंक प्राप्त कर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मदीहा, मोहम्मद जमाल की पुत्री हैं, और उनके इस असाधारण प्रदर्शन पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। कृष्णा नगर और बढ़नी कस्बे के तमाम लोगों ने मदीहा को बधाइयाँ दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मदीहा की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है, और उन्होंने यह साबित कर दिया है कि समर्पण और मेहनत से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।