देवरिया में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, ट्रॉली बैग में भरकर फेंकी लाश
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की निर्मम हत्या कर दी और शव को ट्रॉली बैग में भरकर 55 किलोमीटर दूर फेंक दिया। मृतक की पहचान नौसाद अहमद पुत्र मुन्नू अहमद के रूप में हुई है, जो हाल ही में दुबई से लौटा था।
पुलिस के अनुसार, नौसाद की हत्या में उसकी पत्नी के साथ उसका भांजा भी शामिल था, जो उसका प्रेमी भी बताया जा रहा है। हत्या के बाद दोनों ने शव को दो टुकड़ों में काटा और उसी ट्रॉली बैग में भर दिया जिसे नौसाद दुबई से लाया था। हैरान करने वाली बात यह रही कि बैग पर एयरपोर्ट का एक बारकोड स्टिकर अभी भी मौजूद था, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।
जब पुलिस ने बारकोड को स्कैन कर एयरपोर्ट अधिकारियों से जानकारी जुटाई, तो बैग की पहचान नौसाद अहमद के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस जब भटौली गाँव स्थित उसके घर पहुंची, तो वहाँ एक और खून से सना बैग मिला, साथ ही घर के कई हिस्सों में खून के निशान भी पाए गए।
पुलिस ने नौसाद की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी और हत्याकांड में सहयोगी अभी फरार है। मृतक की एक 6 साल की बेटी और बुजुर्ग पिता हैं, जो अब बेसहारा हो गए हैं। यह घटना रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली है और इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।