जाजरकोट एक बार फिर कांप उठा — तीन मिनट में दो जबरदस्त भूकंप, धरती हिली, दिल दहल गए
जाजरकोट : नेपाल के पश्चिमी ज़िले जाजरकोट की फ़िज़ाओं में एक बार फिर डर का साया मंडराने लगा, जब आज शाम धरती ने महज़ तीन मिनट के अंतराल में दो बार ज़ोर से करवट ली। कोशी गाँव पालिका के पैंग क्षेत्र को केंद्र बनाकर आए इन भूकंपों ने कुछ ही पलों में सुकून बेचैनी में बदल गया!
भूकंप निगरानी केंद्र, सुर्खेत के प्रभारी इंजीनियर चिन्तन तम्लिसेना के अनुसार पहला झटका शाम 8 बजकर 7 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता 5.2 मैग्नीट्यूड मापी गई। लोग अभी संभले भी नहीं थे कि सिर्फ़ तीन मिनट बाद, यानी 8 बजकर 10 मिनट पर दूसरा और ज़्यादा ताक़तवर झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 5.5 मैग्नीट्यूड थी। दोनों भूकंपों का केंद्र एक ही स्थान — पैंग और उसके आसपास के इलाके रहे।
भूकंप के झटकों से घरों, दीवारों और पहाड़ियों ने कांपना शुरू कर दिया। लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए, बच्चों और महिलाओं की चीख-पुकार ने माहौल को और भयावह बना दिया। हालांकि फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है, फिर भी स्थानीय लोगों के चेहरों पर डर और आँखों में अनिश्चितता की झलक साफ़ देखी जा सकती थी।
इन लगातार झटकों ने एक बार फिर याद दिला दिया कि प्रकृति कब, कहाँ और कैसे चौंका दे, यह कहा नहीं जा सकता। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और संभावित आफ्टरशॉक्स को ध्यान में रखते हुए एहतियात बरतने की अपील की है।
गौरतलब है कि जाजरकोट पहले भी भूकंपों से प्रभावित रहा है, और आज की ये हलचलें एक नई परीक्षा की आहट जैसी लग रही हैं।