नेपाल में राजनीतिक भूचाल: शिक्षा मंत्री विद्या भट्टराई का इस्तीफ़ा, पीएम ओली की नीति पर उठे गंभीर सवाल
काठमांडू: नेपाल की राजनीतिक फिज़ा में उस समय हलचल मच गई जब शिक्षा मंत्री विद्या भट्टराई ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की नीतियों और रवैये के खिलाफ बग़ावत करते हुए अपने पद से साहसिक इस्तीफ़ा दे दिया। यह कदम न सिर्फ सत्ता के गलियारों में हलचल का कारण बना, बल्कि इसे देश में राजनीतिक नैतिकता और जनहित के लिए एक ऐतिहासिक कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
भट्टराई, जो कि सत्तारूढ़ पार्टी की वरिष्ठ नेता रही हैं, ने पीएम ओली पर तानाशाही रवैये, निजी स्कूलों को खुला समर्थन, और संवैधानिक गारंटियों की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र को राजनीतिक लाभ के लिए बलि चढ़ा रहे हैं।
उनके इस्तीफ़े का समय भी अत्यंत संवेदनशील है—जब पूरे देश में शिक्षक मुफ़्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जैसे मौलिक अधिकारों की माँग को लेकर सड़कों पर हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। मंत्री भट्टराई ने आंदोलनकारी शिक्षकों से संवाद स्थापित किया और शिक्षा विधेयक को पास कराने की कोशिश की, लेकिन प्रधानमंत्री की हठधर्मिता उनके रास्ते की दीवार बनी रही।
इस घटनाक्रम को प्रधानमंत्री ओली के गिरते राजनीतिक प्रभाव और पार्टी के भीतर बढ़ती असहमति का प्रतीक माना जा रहा है। अब उनके अपने सहयोगी भी उनके नेतृत्व पर सवाल उठाने लगे हैं।
माओवादी केंद्र लुंबिनी प्रदेश के वरिष्ठ नेता मौलाना मशहूद ख़ान नेपाली ने मंत्री के इस्तीफ़े को “राजनीतिक सिद्धांतों की जीत” बताते हुए कहा:
> विद्या भट्टराई का इस्तीफ़ा इस बात का प्रमाण है कि जब सत्ता और अंतरात्मा में टकराव हो, तो सच्चा नेता हमेशा सिद्धांतों को चुनता है।”
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह शिक्षा क्षेत्र को राजनीति से दूर रखे और शिक्षकों की आवाज़ को गंभीरता से सुने।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह इस्तीफ़ा सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर एक नई राजनीतिक हलचल की शुरुआत हो सकती है, जहाँ अब ज़मीर और ज़िम्मेदारी की बात सत्ता की चकाचौंध पर भारी पड़ने लगी है।